fbpx

राजकुमार राव और पत्रलेखा नवंबर 2021 में करेंगे शादी! शादी की तारीखें भी आईं सामने

B Editor

बॉलीवुड इंडस्ट्री की सबसे प्रतिभाशाली जोड़ियों में से एक अभिनेता राजकुमार राव (Rajkummar Rao) और उनकी एक्ट्रेस-गर्लफ्रेंड पत्रलेखा (Patralekha) लगभग एक दशक से रिलेशनशिप में हैं। दोनों ने कपल गोल्स देते हुए अपने करियर और निजी जीवन में काफी उतार-चढ़ावों का सामना किया है, लेकिन दोनों ने कभी एक-दूसरे का साथ नहीं छोड़ा।

फिल्म ‘सिटीलाइट्स’ में एक कपल के रूप में दिखाई देने वाले राजकुमार राव और पत्रलेखा ने वेब सीरीज ‘बोस: डेड/अलाइव’ में भी साथ काम किया था। और संभावना है कि, निकट भविष्य में हमें यह प्यारा जोड़ा ऑन-स्क्रीन पर फिर से देखने को मिलेगा। फिलहाल, मीडिया में इनकी शादी की अफवाहें एक बार फिर से चर्चा में हैं। आइए आपको बताते हैं इसके बारे में।

जब पत्रलेखा से साल 2018 में शादी करने के बारे में सवाल किया गया था, तो उन्होंने कथित तौर पर कहा था कि, राजकुमार राव और उनको अभी बहुत कुछ हासिल करना है और लगभग 6-7 वर्षों से अभी तक ऐसी कोई योजना नहीं है। लेकिन, बॉलीवुड में चल रही गॉसिप के अनुसार, अब ऐसा लग रहा है कि, राजकुमार और पत्रलेखा जल्द शादी के बंधन में बंधने वाले हैं।

‘ई-टाइम्स’ की एक रिपोर्ट की मानें तो, कपल की शादी के लिए जिन तारीखों पर चर्चा की जा रही है, वह नवंबर 10-11-12 हैं। कहा तो ये भी जा रहा है कि, कपल के कुछ करीबी सेलिब्रिटीज को पहले ही इसकी सूचना दे दी गई है। इसमें, उनके गैर-इंडस्ट्री मित्र और रिश्तेदार भी शामिल होंगे। सूत्रों के अनुसार, यह एक प्राइवेट सेरेमनी होगी।

राजकुमार और पत्रलेखा लगभग 10 वर्षों से साथ हैं और बहुत लंबे समय से लिव-इन रिलेशनशिप में भी हैं। पत्रलेखा ने एक साक्षात्कार में राजकुमार और अपनी पहली मुलाकात के बारे में बताया था। उन्होंने कहा था कि, “मैंने उन्हें (राजकुमार को) पहली बार ऑन-स्क्रीन तब देखा था, जब मैंने फिल्म ‘एलएसडी’ (‘लव सेक्स और धोखा’) देखी थी।

मैंने सोचा था कि, फिल्म में उन्होंने जिस अजीब आदमी की भूमिका निभाई थी, वह वास्तव में उन्हीं के जैसे हैं। उनके बारे में मेरी धारणा पहले ही गलत हो चुकी थी। राजकुमार ने मुझे बाद में बताया कि, उन्होंने मुझे पहली बार एक विज्ञापन में देखा और सोचा, ‘मैं उससे शादी करने जा रहा हूं। यह बहुत अजीब था।’

राजकुमार राव प्यार से पत्रलेखा को ‘पात्रा’ कहकर संबोधित करते हैं और वह उन्हें ‘राज’ कहती हैं। ‘हिंदुस्तान टाइम्स’ के साथ एक पुराने साक्षात्कार में राजकुमार राव ने अपनी लॉन्ग टाइम गर्लफ्रेंड पत्रलेखा के साथ अपनी शादी की संभावनाओं के बारे में बात की थी और साझा किया था कि, कैसे लोग अक्सर उनसे शादी का सवाल करते हैं।

अपनी शादी की खबरों पर बात करते हुए राजकुमार ने कहा था, “ऐसी बहुत सी चीजें हैं, जो जो हम अपने रिलेशनशिप के बारे में पढ़ते हैं। बहुत से लोग सोचते हैं कि, हम शादीशुदा हैं। लेकिन मैं केवल इतना कहना चाहता हूं कि, हम सिंगल हैं और अपने रिश्ते में खुशी से हैं।

रिपोर्ट आती रहती हैं कि, हम कैसे लड़ रहे थे, जिम के बाहर या प्यार में डूबे हुए… लेकिन हम उनका कभी जवाब नहीं देते। कुछ दिनों बाद आप भी इन अफवाहों पर प्रतिक्रिया देना बंद कर देते हैं। हम सच्चाई जानते हैं। जब तक हम खुश हैं, हमें किसी को कुछ भी बताने की जरूरत नहीं है।”

वर्क फ्रंट की बात करें तो, राजकुमार राव अगली बार फिल्म ‘हम दो हमारे दो’ में दिखाई देंगे। तो आपको ये जोड़ी कैसी लगती है? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही हमारे लिए कोई सलाह हो तो अवश्य दें।

Leave a comment