तेलंगाना के गांव में लैंड हुआ यूएफओ? वैज्ञानिकों ने बताई रहस्यमयी चीज की सच्चाई

B Editor

अमेरिका और ब्रिटेन में एलियंस के यान को देखे जाने की कई घटनाएं सामने आई हैं, लेकिन हाल ही में तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के पास एक रहस्यमयी चीज दिखी। उसको देखते ही स्थानीय लोगों की हालत खराब हो गई। ज्यादातर लोग उसे यूएफओ मान रहे थे, जिस वजह से उसका वीडियो तेजी से वायरल हुआ।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक घटना विकाराबाद जिले के मारपल्ली मंडल के मोगिलीगिड्डा गांव की है। वहां पर लोग रोजाना की तरह अपना काम कर रहे थे, तभी उनको आसमान में एक रहस्यमयी चीज दिखाई दी, जो सफेद रंग की थी। शुरू में लगा कि वो लाइट का रिफ्लेक्शन है, लेकिन वो चीज तेजी से आगे बढ़ रही थी। ऐसे में उसे देखकर लोगों की हालत और खराब हो गई।

इस रहस्यमयी चीज को सभी यूएफओ समझ रहे थे। कुछ ही देर में वो नीचे आकर जमीन पर गिर गया। इसके बाद उसको देखने के लिए लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। लोगों को लग रहा था कि वो एलियंस का यान है, ऐसे में दूसरे ग्रह के जीव उससे बाहर आएंगे। कुछ लोगों ने तो उसकी बाहरी परत को खटखटाना भी शुरू कर दिया। बाद में पुलिस-प्रशासन को भी इसकी जानकारी दी गई।

बाद में वैज्ञानिकों ने इस पूरी घटना की सच्चाई बताई। उन्होंने कहा कि ये यूएफओ नहीं, बल्कि एक रिसर्च हीलियम बैलून है। जिसको वायुमंडल के अध्ययन के लिए आसमान में भेजा जाता है। इसमें बहुत हाईटेक उपकरण लगे रहते हैं, जो वायुमंडल से डेटा लेकर सेव करता है। इससे कोई डरने की बात नहीं है। ये बहुत ही कॉमन चीज है, बस गांव वालों ने पहली बार इसे देखा इस वजह से वो हैरान रह गए।

मामले में प्लेनेटरी सोसायटी ऑफ इंडिया के डायरेक्टर रघुनंदन कुमार ने कहा कि हीलियम बैलून खासतौर पर डेटा इकट्ठा करने के लिए बनाया जाता है। स्पेन ने इसकी मदद से 8 लोगों को स्पेस में भेजने का प्लान बनाया था। ये जमीन पर धीरे-धीरे लैंड करते हैं, जिस वजह से उसके अंदर लगे उपकरणों को कोई नुकसान नहीं होता। इसमें लगभग 1000 किलो वजन का एक उपकरण होता है।

Share This Article
Leave a comment